Samachar Post रिपोर्टर, मेदिनीनगर : मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, शहर का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। गलियों से चौक-चौराहों तक चुनावी चर्चा तेज है। हर पार्टी अपने उम्मीदवार के लिए पूरी ताकत झोंक रही है, और इसी बीच चुनावी ऊर्जा को और बढ़ाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा आज शहर पहुंच रही हैं।
रोड शो में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के समर्थन में
जया प्रदा भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के समर्थन में रोड शो करेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर उत्साह की लहर है। जगह-जगह स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। रोड शो के माध्यम से पार्टी ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास करेगी।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में राष्ट्रपति का दौरा: 26 फरवरी को चार घंटे शहर में रहेंगी द्रौपदी मुर्मू
विकास और शांति के मुद्दे पर अरुणा शंकर
मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर इस बार पूरी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में हैं। अपने पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए जनता से समर्थन मांग रही हैं। उनका कहना है कि शहर में शांति और विकास उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। समर्थकों का दावा है कि उनके नेतृत्व में कई अहम योजनाएं पूरी हुई हैं, जिनका आम लोगों को सीधा लाभ मिला।
चुनावी समीकरण पर संभावित असर
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जया प्रदा का रोड शो भाजपा के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। स्टार प्रचारक की मौजूदगी से चुनावी समीकरण प्रभावित होने की संभावना है। इससे मुकाबला और दिलचस्प होगा और विरोधी खेमे पर भी दबाव बढ़ेगा। रास्तों, गलियों और चौक-चौराहों में जया प्रदा के रोड शो को लेकर उत्साह चरम पर है, और इससे मेदिनीनगर के चुनावी माहौल में नया जोश आने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।