- नाला थाना क्षेत्र के पलास्थली में हादसा, दो गंभीर हालत में निकाले गए
Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। नाला थाना क्षेत्र के पलास्थली स्थित बंद पड़े कोयला खदान में अचानक चाल धंसने से आठ लोगों के मलबे में दबने की आशंका है। मिली जानकारी के अनुसार खदान में अवैध तरीके से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान खदान का हिस्सा धंस गया और अंदर मौजूद लोग मलबे में दब गए।
पुलिस और CISF मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बचाव दल मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटा हुआ है। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और खदान के आसपास लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा गया है।
यह भी पढ़ें :गोलगप्पे में जहर मिलाकर प्रेमिका की हत्या की साजिश, जंगल में छिपकर बचाई जान
दो गंभीर, बाकी की तलाश जारी
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अब तक दो लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि खदान में घुसे सभी लोग पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे परिहारपुर, पलास्थली और कास्ता इलाके के रहने वाले हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post