Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुपाईडीह पंचायत भवन के समीप स्थित जोरिया (छोटी नदी) के पास खेत में युवक की लाश बरामद हुई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
वोट देने निकला था युवक, शाम को मिला शव
मृतक की पहचान जामताड़ा नगर पंचायत के नामुपाड़ा निवासी आनंद बाउरी के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार आनंद वोट देने के लिए घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 11 बजे से लापता था। काफी खोजबीन के बाद शाम करीब 7 बजे उसका शव सुपाईडीह पंचायत भवन के पास खेत में मिला।
यह भी पढ़ें: भोपाल-धनबाद के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू, रेल मंत्री व सीएम करेंगे उद्घाटन
शरीर पर संदिग्ध निशान, बाइक के टायर के मिले चिन्ह
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मृतक के पैर में जले जैसा निशान दिखाई दे रहा था। वहीं घटनास्थल के पास बाइक के टायर के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया हो।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत हत्या है, दुर्घटना है या किसी अन्य कारण से हुई है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।