Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : हजारीबाग में फुटपाथ पर सब्जी बेचने वाले दर्जनों छोटे व्यापारियों को हटाए जाने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। हजारीबाग नगर निगम की कार्रवाई से इन दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें जबरन पुराने सामान वाले एक परिसर में बैठा दिया गया, जहां बीते 24 घंटे से बिक्री लगभग ठप है।
ग्राहक नहीं, सब्जियां सड़ने की कगार पर
विक्रेताओं का कहना है कि नई जगह पर खरीदारों की आवाजाही बेहद कम है। परीक्षा का समय चल रहा है, गर्मी शुरू होने वाली है और ऐसे में अचानक स्थान बदल दिए जाने से ग्राहक वहां पहुंच ही नहीं पा रहे। नतीजा यह है कि सब्जियां सड़ने लगी हैं और नुकसान बढ़ता जा रहा है।
जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद
मामला इसलिए भी उलझ गया है क्योंकि दुकानदारों का दावा है कि जिस जमीन पर उन्हें बैठाया गया है, वह नगर निगम की नहीं बल्कि खास महल की है। दूसरी ओर, निगम पहले ही उस स्थान को पार्किंग के लिए अलॉट कर चुका है और उसका टेंडर भी हो चुका है।
यह भी पढ़ें: मानगो नगर निगम चुनाव: सुधा गुप्ता को CPI-M का समर्थन, बोलीं- डेवलपमेंट ही मेरा सिंगल एजेंडा
पार्किंग शुल्क बना बड़ी बाधा
सब्जी खरीदने पहुंच रहे ग्राहकों को पार्किंग शुल्क भी चुकाना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन पर आने वालों से 10 रुपये और चारपहिया वाहन से आने वालों से 30 रुपये वसूले जा रहे हैं। इससे ग्राहक दूरी बना रहे हैं, जिसका सीधा असर दुकानदारों की बिक्री पर पड़ रहा है।
चुनावी माहौल में भी अनसुनी
नगर निगम चुनाव में अब केवल दो दिन शेष हैं, लेकिन दुकानदारों का आरोप है कि बड़े-बड़े वादे करने वाले प्रत्याशी अब तक उनकी सुध लेने नहीं पहुंचे। घोषणापत्रों में योजनाओं की बातें जरूर हो रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
आंदोलन की चेतावनी
हालात से नाराज फुटपाथ सब्जी विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे नगर निगम कार्यालय के सामने धरना देंगे। समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।