Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :नगर निगम चुनाव के बीच जिले में मतदान प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अपनी पत्नी के साथ वार्ड संख्या 36 के बूथ नंबर 3 पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद मंत्री ने मतदाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि लोकतंत्र का यह महापर्व हर नागरिक की भागीदारी से ही सफल होता है। उन्होंने गिरिडीह समेत पूरे झारखंड के मतदाताओं से अपील की कि वे घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचें और अपने मत का सही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा, वोट देना केवल अधिकार नहीं, बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी को सक्रिय रूप से मतदान करना चाहिए।
यह भी पढ़ें :रांची निकाय चुनाव 2026: राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया मतदान, लोगों से की अपील
लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील
जिले के विभिन्न बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कई लोग सुबह-सुबह मतदान करने पहुंचे। मतदाताओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया और कहा कि प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित रही। मंत्री ने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाएं मतदाताओं को सुविधा प्रदान करती हैं और इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि हर एक वोट भविष्य तय करता है। गिरिडीह में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और मतदाताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post