Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की पहचान पूर्णानगर निवासी नंदकिशोर माली के रूप में हुई है। गोली उसकी कमर में लगी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
जंगल के रास्ते में वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना करमाटांड़ और बरमसिया के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में उस समय हुई, जब नंदकिशोर सीमेंट की दुकान में काम खत्म कर घर लौट रहा था। घायल युवक ने बताया कि रास्ते में पीछे से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उस पर अचानक फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का आज अंतिम संस्कार, जिलिंगगोड़ा में उमड़ा जनसैलाब
पहले बिरनी PHC, फिर रेफर
गोली लगने के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल उसे इलाज के लिए बिरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे Giridih सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद भेज दिया गया है।
इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिजनों के मुताबिक, नंदकिशोर रोज की तरह काम से लौट रहा था, तभी उस पर हमला किया गया। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार हमलावर की तलाश की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।