Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के रामकांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसमार गांव में एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी का शव गांव से लगभग 700 मीटर दूर अरहर के खेत से बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका शाम के समय गांव में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रही थी। उसके साथ 4–5 वर्ष के दो छोटे बच्चे भी थे। हालांकि, वह घर नहीं पहुंची। देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगली सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने बैठक कर पुनः तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान अरहर के खेत से किशोरी का शव मिला। शव के गले पर निशान पाए गए हैं, जिसके आधार पर परिजन दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में 18 लाख की चोरी: सूर्याही पूजा में गए परिवार का घर सूना पाकर वारदात
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।