- रेलवे स्टेशन के पास देर रात हादसा, लाइटर से भरे सामान में धमाकों से मचा हड़कंप
Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :झारखंड के दुमका में बीती देर रात एक खौफनाक सड़क हादसा हो गया। दुमका रेलवे स्टेशन के पास हाईवा ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन हाईवा ट्रक और एक कंटेनर में तुरंत आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका आग की लपटों और धुएं से घिर गया।
टक्कर के बाद धमाकों से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रकों में लाइटर से भरा सामान लदा था। आग लगते ही अंदर रखे सामान के कारण तेज धमाके होने लगे। लगातार हो रहे ब्लास्ट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दूर-दूर तक आग का गुबार और काला धुआं देखा गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें :राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड दौरे पर, रांची से जमशेदपुर तक हाई अलर्ट
दमकल और पुलिस की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। राहत और बचाव कार्य घंटों तक चलता रहा। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया, ताकि कोई और हताहत न हो। हादसे में एक ट्रक का खलासी आग में झुलसने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे वाहन का ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल चालक की पहचान संतोष कुमार यादव के रूप में हुई है, जो बांका जिले के कैलाश पहाड़ी का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रकों में लदे ज्वलनशील सामान के परिवहन में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।
Reporter | Samachar Post