- कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर धरने पर बैठे, मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन पर दबाव
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की राजधानी रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) के नॉन-टीचिंग कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। बड़ी संख्या में स्टाफ प्रशासनिक भवन के बाहर काले बिल्ले लगाकर धरने पर बैठा और जोरदार नारेबाजी कर रहा है।
कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के सेवा विस्तार पर विवाद
कर्मचारियों का आरोप है कि पहले कॉन्ट्रैक्ट स्टाफ का सेवा विस्तार 11 महीने के लिए किया जाता था। लेकिन नए कुलपति के आने के बाद नियम बदलकर अब सिर्फ मार्च तक का रिन्यूअल किया जा रहा है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया है कि जिनका कार्यकाल दिसंबर या जनवरी में खत्म हो रहा है, उनका भी केवल मार्च तक का विस्तार करना पुराने प्रावधानों के खिलाफ है। इस फैसले को लेकर नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें: 24 वीरों की शहादत को नमन, 18वें स्थापना दिवस से पहले झारखंड जगुआर ने परिवारों का बढ़ाया मान
ACP/MACP और पदोन्नति पर असंतोष
कर्मचारियों का कहना है कि 20-30 वर्षों की सेवा के बावजूद उन्हें ACP/MACP के तहत पदोन्नति का लाभ नहीं मिला। जुलाई 2020 से लागू यह लाभ अप्रैल 2025 से रोक दिया गया है। इसके अलावा एरियर की कथित रिकवरी को लेकर भी विवाद जारी है। कर्मचारियों ने बताया कि इस पर अदालत से स्थगन आदेश मिल चुका है, लेकिन प्रशासन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
आंदोलन जारी, चेतावनी दी गई
कर्मचारियों ने साफ कहा कि उनकी मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन से जल्द कोई हल नहीं निकला तो प्रदर्शन और तेज हो सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।