- जगन्नाथ मंदिर में करेंगी भूमि पूजन, रांची एयरपोर्ट के आसपास नो-फ्लाइंग जोन लागू
Samachar Post रिपोर्टर,रांची :द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एक दिवसीय झारखंड दौरे पर पहुंच रही हैं। उनके आगमन को लेकर राजधानी रांची से लेकर जमशेदपुर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति एयरफोर्स के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां औपचारिक स्वागत के बाद वे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), जिला पुलिस और अन्य एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एयरपोर्ट के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटे, इसके लिए बैरिकेडिंग और चेकिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में साफ आसमान, ठंडी हवाओं से सुहाना मौसम, दोपहर में बढ़ी गर्मी
जगन्नाथ मंदिर में भूमि पूजन
जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति शहर के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे प्रस्तावित निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगी। करीब एक घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहने की संभावना है। आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर परिसर को सजाया गया है और आमंत्रित लोगों के लिए पास सिस्टम लागू किया गया है।
शहर में कड़ा सुरक्षा घेरा
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है। प्रमुख चौक-चौराहों, एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। VVIP मूवमेंट के कारण कुछ रूट्स पर ट्रैफिक में आंशिक बदलाव हो सकता है। प्रशासन ने आम लोगों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
रांची एयरपोर्ट के आसपास नो-फ्लाइंग जोन
सुरक्षा कारणों से रांची सदर एसडीओ ने एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून या किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post