Samachar Post रिपोर्टर,रांची :सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (CUJ) में वित्तीय अनियमितताओं और नियुक्तियों में कथित गड़बड़ी के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को एजेंसी की टीम फिर से यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंची और कई अहम दस्तावेजों की जांच की।
चेरी मनातू कैंपस में सुबह से जांच
रांची के चेरी मनातू स्थित CUJ कैंपस में सुबह से ही हलचल देखी गई। CBI टीम प्रशासनिक भवन पहुंची और विभिन्न विभागों से जुड़े दस्तावेज खंगालने शुरू किए। सूत्रों के मुताबिक जांच का मुख्य फोकस नियुक्तियों की प्रक्रिया, टेंडर आवंटन और खरीद से जुड़े मामलों पर है।
100 से ज्यादा फाइलें पहले ही जब्त
मंगलवार को करीब सात घंटे तक चली छानबीन के दौरान CBI ने 100 से अधिक फाइलें जब्त की थीं। इनमें निर्माण कार्यों के टेंडर, उपकरणों और सामग्री की खरीद तथा नियुक्तियों से संबंधित दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। बुधवार को टीम शेष रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही।
यह भी पढ़ें :डोरंडा मर्सिडीज केस: कार रिलीज पर अधिवक्ता को राहत नहीं, अगली सुनवाई तय
कई अहम दस्तावेज मिले, पूछताछ जारी
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनमें अनियमितताओं के संकेत मिल रहे हैं। एजेंसी संबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि निर्णय किस स्तर पर लिए गए और किन लोगों की भूमिका रही। नियुक्तियों में कथित गड़बड़ी, टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय लेनदेन में अनियमितता के आरोपों को लेकर CBI की जांच जारी है। दो दिनों से लगातार चल रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि एजेंसी इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
Reporter | Samachar Post