Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार सुबह से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। सभी मतदान केंद्रों पर तय समय पर वोटिंग प्रारंभ हुई और पहले ही घंटे से मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कहीं युवा लाइन में दिखे तो कहीं बुजुर्ग भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे।
कंट्रोल रूम से कड़ी निगरानी
मतदान को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी कर रहे हैं। हर मतदान केंद्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की शिकायत या गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें: रांची में लोकतंत्र का उत्सव: सांसद दीपक प्रकाश ने परिवार संग किया मतदान, लोगों से की ज्यादा से ज्यादा वोटिंग की अपील
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
हर वर्ग में उत्साह
सुबह से ही महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं ने कहा कि वे अपने शहर के विकास के लिए सही प्रतिनिधि चुनना चाहते हैं। बुजुर्ग मतदाताओं ने भी लोगों से मतदान जरूर करने की अपील की, इसे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया।
“वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है”
प्रशासन और निर्वाचन आयोग की ओर से लगातार अपील की जा रही है, वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है। 23 फरवरी 2026 को चास और फुसरो के मतदाता अपने शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। ऐसे में सभी से अपील है कि घर से निकलें, लाइन में लगें और अपने मत का सही इस्तेमाल करें।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।