Samachar Post रिपोर्टर, पटना : बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने शिक्षा बजट पर चर्चा करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने आरजेडी प्रमुख लालू यादव की तुलना महाभारत के धृतराष्ट्र से और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दुर्योधन करार दिया। उनके इस बयान के बाद सदन में विपक्षी विधायकों ने तीखा विरोध दर्ज कराया और हंगामा शुरू हो गया।
‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ से की भाषण की शुरुआत
मैथिली ठाकुर ने अपने वक्तव्य की शुरुआत संस्कृत के प्रसिद्ध श्लोक ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ से की। उन्होंने कहा कि यह श्लोक अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है और आज का बिहार भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: बजट सत्र में नया विवाद: सदन में डिप्टी सीएम का वीडियो वायरल
जंगलराज का जिक्र, वर्तमान सरकार की तारीफ
अपने संबोधन में उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार के दौर को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि उस समय कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई थी। सरकारी स्कूलों की हालत जर्जर थी, कई स्कूलों में ताले लटकते थे और बजट का जमीनी असर नजर नहीं आता था। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा तक पहुंच मुश्किल थी। वहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों की सराहना की। खासकर साइकिल वितरण योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल ने छात्राओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
महिलाओं की सुरक्षा पर दावा
मैथिली ठाकुर ने कहा कि एक समय था जब महिलाएं घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन आज वही महिलाएं दरभंगा से पटना तक अकेले सुरक्षित यात्रा कर रही हैं। उन्होंने इसे सरकार की नीतियों और बेहतर कानून-व्यवस्था का परिणाम बताया।
महाभारत के पात्रों से तुलना, विपक्ष का विरोध
भाषण के दौरान मैथिली ने कहा कि “उस समय के राजा को बिहार रूपी हस्तिनापुर की चिंता नहीं थी, उन्हें सिर्फ अपने दुर्योधन की फिक्र थी।” इस टिप्पणी को सीधे तौर पर लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर हमला माना गया। उनकी इस तुलना पर आरजेडी विधायकों ने कड़ा विरोध जताया और सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। स्पीकर को बीच-बचाव करना पड़ा। बजट सत्र के बीच दिए गए इस बयान ने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।