Samachar Post डेस्क,बिहार :इंडसइंड बैंक में कार्यरत एक रिकवरी एजेंट का शव किराए के मकान से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के इटवा मोहल्ले की है। मृतक की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
2016 से बैंक में कर रहे थे काम
परिजनों के अनुसार राजीव कुमार वर्ष 2016 से इंडसइंड बैंक में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत थे। उनकी शादी करीब पांच वर्ष पहले बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवस गांव में हुई थी और उनका एक दो वर्षीय बेटा है। पिछले एक साल से वे पत्नी के साथ बेगूसराय के इटवा में किराए के मकान में रह रहे थे।
यह भी पढ़ें :IG के निर्देश पर साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई, 57 गिरफ्तार
पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
परिवार का आरोप है कि पति-पत्नी के संबंध अच्छे नहीं थे और अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पारिवारिक तनाव शुरू हो गया था, जिसके चलते राजीव पैतृक घर छोड़कर अलग रहने लगे थे। परिजनों ने यह भी जानकारी दी कि करीब छह महीने पहले उन्होंने अपनी हिस्से की जमीन लगभग चार लाख रुपये में बेच दी थी। मृतक के भाई ने बताया कि गुरुवार रात पुलिस द्वारा घटना की सूचना दी गई। इसके बाद परिवार बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचा और शव की पहचान की। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post