Samachar Post डेस्क,नई दिल्ली :राजधानी दिल्ली में आयोजित ‘AI इंपैक्ट समिट’ के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन मामले में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद तिलक मार्ग थाना के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
20 घंटे की पूछताछ के बाद कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, उदय भानु चिब को सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। करीब 20 घंटे तक चली लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया।
क्या है पूरा मामला?
पिछले सप्ताह आयोजित ‘AI इंपैक्ट समिट’ के दौरान युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर शर्टलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला मानते हुए कार्रवाई शुरू की। इससे पहले ग्वालियर से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें :दुमका में डीआईजी ऑफिस के पास अखबार एजेंट को मारी गोली, तीसरी बार जानलेवा हमला
किन धाराओं में केस दर्ज?
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 197 के तहत एफआईआर दर्ज की है। इन धाराओं के तहत समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने और राष्ट्रीय अखंडता को प्रभावित करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन तिलक मार्ग और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Reporter | Samachar Post