Samachar Post डेस्क, रांची :रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात के बड़ौदा में आयोजित ‘सरदार सभा’ कार्यक्रम में इतिहास से जुड़े कई महत्वपूर्ण और विवादित मुद्दों पर टिप्पणी की। अपने भाषण में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, बाबरी मस्जिद, सोमनाथ मंदिर और सरदार पटेल की भूमिका को लेकर कई दावे किए।
यह भी पढ़ें :खूंटी: जंगल में नग्न अवस्था में युवती का सिरकुचला शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
नेहरू सरकारी पैसों से बाबरी मस्जिद बनवाना चाहते थे- राजनाथ सिंह का दावा
राजनाथ सिंह ने कहा कि नेहरू अयोध्या में सरकारी पैसे से बाबरी मस्जिद का निर्माण कराना चाहते थे, लेकिन उस समय के गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। उनके अनुसार पटेल ने सरकारी धन के उपयोग को रोकते हुए इसे गैर-जरूरी बताया। पटेल सच्चे सेक्युलर नेता थे और उन्होंने किसी तरह के तुष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया।
सोमनाथ मंदिर को लेकर भी नेहरू पर निशाना
राजनाथ सिंह ने कहा नेहरू ने सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण पर भी सवाल उठाए थे। पटेल ने स्पष्ट किया था कि मंदिर के लिए 30 लाख रुपये जनता ने दान किए थे और एक ट्रस्ट बनाया गया था। सरकार ने एक रुपये का भी खर्च नहीं किया था। उन्होंने दावा किया कि सरदार पटेल की मृत्यु के बाद नेहरू ने मंदिर के लिए जुटाई गई धनराशि का उपयोग कुएं और सड़कों के निर्माण में करने का सुझाव दिया।
राम मंदिर भी सरकारी पैसे से नहीं बना
राजनाथ सिंह ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर पूरी तरह जनता के सहयोग से बना है, इसमें सरकारी पैसा शामिल नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि पटेल ने भारत की 550 से अधिक रियासतों को एकजुट कर एक अखंड राष्ट्र का निर्माण किया। पटेल की मजबूत इच्छाशक्ति के बिना IAS जैसी प्रशासनिक सेवाएं स्थापित करना भी कठिन होता।
कश्मीर मसले पर पटेल की सलाह मानी जाती तो समस्या लंबी न खिंचती
राजनाथ सिंह ने कश्मीर मुद्दे पर भी टिप्पणी की यदि कश्मीर के विलय के समय पटेल की सभी सलाहें मानी जातीं, तो समस्या इतने वर्षों तक नहीं चलती। पटेल ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और खुद को “नेता नहीं, सैनिक कहा।
1946 कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: पटेल ने नाम वापस लिया
राजनाथ सिंह ने बताया कि 1946 के कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में पटेल को भारी समर्थन मिला था। लेकिन गांधी के आग्रह पर उन्होंने नाम वापस ले लिया। इसके बाद नेहरू अध्यक्ष बने और फिर देश के पहले प्रधानमंत्री।
Reporter | Samachar Post