Samachar Post डेस्क, रांची :कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी की यात्रा पर जाएंगे। उनके साथ इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के अध्यक्ष सैम पित्रोदा भी होंगे। हालांकि, संसद के शीतकालीन सत्र के बीच विदेश यात्रा पर जाने को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें :शीतकालीन सत्र: दिल्ली गेस्ट हाउस में कौन ठहरा, सूची मंगाएं- बाबूलाल का सवाल
BJP का तंज राहुल को कहा विदेश नायक
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी को तंज करते हुए “विदेश नायक” कहा। उनका आरोप है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में जिम्मेदारी नहीं निभा रहे और संसद सत्र के दौरान विदेश दौरे को प्राथमिकता दे रहे हैं। पूनावाला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राहुल गांधी एलओपी (लीडर ऑफ पर्यटन) बन चुके हैं। उन्होंने पिछली बार बिहार चुनाव के दौरान भी विदेश दौरा किया था और लौटकर जंगल सफारी में शामिल हुए थे।
जर्मन विधायकों और प्रवासी भारतीयों के साथ विचारों का आदान-प्रदान- कांग्रेस
कांग्रेस के IOC ब्रिटेन इकाई महासचिव विक्रम दुहन ने बताया कि राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा भारत की वैश्विक भूमिका और विदेश नीति पर बातचीत के लिए अहम मंच होगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी जर्मन विधायकों और प्रवासी भारतीयों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। IOC जर्मनी के अध्यक्ष बलविंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी जर्मन सरकार के मंत्रियों और प्रवासी भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी की यह यात्रा भारत-जर्मनी संबंधों और प्रवासी भारतीयों के हितों को मजबूत करने की दिशा में देखी जा रही है।
Reporter | Samachar Post