Samachar Post डेस्क,बिहार :साइबर ठग लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया है। इस घटना को लेकर जिला प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें :नीतीश कैबिनेट की बैठक आज, अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
डीएम के नाम से चल रहा फर्जी नंबर
जिला प्रशासन के अनुसार, मोबाइल नंबर 84589267391 से जिलाधिकारी की पहचान का दुरुपयोग करते हुए फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से कहा है कि वे इस प्रोफाइल से पूरी तरह सावधान रहें और किसी भी प्रकार के संपर्क से बचें।
मैसेज, कॉल या पैसे की मांग पर न करें भरोसा
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि इस नंबर से किसी भी तरह का मैसेज, कॉल या पैसे की मांग की जाती है, तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन या नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें और संबंधित व्हाट्सएप अकाउंट को तुरंत ब्लॉक करें।
आधिकारिक आदेश केवल अधिकृत माध्यमों से
डीएम कार्यालय ने साफ किया है कि प्रशासन से जुड़े सभी आधिकारिक निर्देश केवल कार्यालयीन पत्र, सरकारी ई-मेल या सत्यापित सरकारी मोबाइल नंबरों के माध्यम से ही जारी किए जाते हैं। किसी भी व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबर से न तो गोपनीय जानकारी मांगी जाती है और न ही कोई प्रशासनिक आदेश दिया जाता है।
साइबर सेल को जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने साइबर सेल और संबंधित एजेंसियों को जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहें और किसी भी भ्रामक या झूठी सूचना को आगे साझा न करें।
Reporter | Samachar Post