- राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस ने बताया “सत्य की जीत”
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट खारिज होने के बाद झारखंड कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान से विरोध मार्च निकालते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कोर्ट के फैसले के बाद निकाला गया विरोध मार्च
यह प्रदर्शन राउज एवेन्यू कोर्ट के उस फैसले के बाद किया गया, जिसमें ED द्वारा दायर चार्जशीट को खारिज कर दिया गया था। इस चार्जशीट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को आरोपी बनाया गया था। कांग्रेस नेताओं ने इसे न्याय और लोकतंत्र की जीत बताया।
यह भी पढ़ें: घूसकांड में बड़ा ट्विस्ट: चीफ इंजीनियर बीरेंद्र राम की कार छुड़ाने के लिए ठेकेदार ने ED में जमा किया 31 लाख का FD
केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ED और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और राजनीतिक बदले की भावना से झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को साजिश के तहत मनी लॉन्ड्रिंग मामले में घसीटा गया था, जिसे अब अदालत ने खारिज कर दिया है।
बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विरोध मार्च के दौरान हरमू चौक और महेंद्र सिंह धोनी के पुराने आवास के पास पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र बैरिकेडिंग की थी। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ते हुए भाजपा कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचने की कोशिश की। कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में प्रवेश का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उन्हें पीछे हटा दिया। किसी भी कार्यकर्ता को भाजपा कार्यालय के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की सतर्कता के कारण कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई, हालांकि कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।