Samachar Post डेस्क, रांची : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो पिछले दो दिनों से बड़े परिचालन संकट से जूझ रही है। उड़ानें रद्द होने और देरी से यात्रियों में भारी नाराज़गी है। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद एयरपोर्ट पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। केवल इन चार शहरों में ही 191 उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
DGCA सख्त, इंडिगो ने मांगी माफी
लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए विमानन नियामक DGCA ने इंडिगो को कड़ी चेतावनी देते हुए जवाब मांगा है। इसके बाद एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी कर “दिल से माफी” मांगी और कहा कि पिछले दो दिनों में नेटवर्क और ऑपरेशंस में भारी बाधा आई है। इंडिगो ने कहा कि उसकी टीमें MOCA, DGCA, BCAS, AAI और एयरपोर्ट ऑपरेटर्स के साथ मिलकर हालात सामान्य करने की कोशिश कर रही हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस अवश्य चेक करें।
यह भी पढ़ें: बिहार के सभी सरकारी स्कूल अब मॉडल टाइम-टेबल से चलेंगे, मदरसों में भी राष्ट्रगान अनिवार्य
दिल्ली एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा असर
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को इंडिगो की 150 उड़ानें रद्द हुईं, 75 प्रस्थान वाली, 75 आगमन वाली इससे हजारों यात्री फंसे रहे और टर्मिनलों पर अफरा-तफरी का माहौल दिखा।
क्यों रद्द हो रही हैं इतनी उड़ानें? इंडिगो ने बताई वजहें
DGCA की कड़ी कार्रवाई के बाद इंडिगो ने उड़ान रद्द होने के कारण बताए, 755 उड़ानें स्टाफ की कमी के कारण, 92 उड़ानें ATC फेलियर के कारण, 258 उड़ानें एयरपोर्ट प्रतिबंधों की वजह से, 127 उड़ानें अन्य कारणों से रद्द। DGCA ने एयरलाइन को सेवा सुधारने, क्रू मेंबर्स की संख्या बढ़ाने और निगरानी कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन पर संकट
400+ एयरक्राफ्ट और रोजाना 2,300 से अधिक उड़ानों के साथ इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है। यह 90+ घरेलू और 45+ अंतरराष्ट्रीय रूटों पर सेवाएं देती है। FY25 में कंपनी ने 118 मिलियन यात्रियों को सेवा दी थी और हाल ही में स्काईट्रैक्स अवार्ड्स 2025 में इसे ‘भारत और दक्षिण एशिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन’ घोषित किया गया था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।