Samachar Post डेस्क, रांची :गोवा के चर्चित अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। आग लगने की घटना के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाइलैंड से भारत लाया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही दोनों को पुलिस ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। एयरपोर्ट पर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गोवा पुलिस की कस्टडी में सौंप दिया गया। अब गोवा पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर गोवा ले जाएगी, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें :ग्रीजली विद्यालय की लॉन्ड्री यूनिट में बॉयलर विस्फोट, 5 कर्मचारी झुलसे; 2 की हालत नाजुक
भारत सरकार के अनुरोध पर हुई थी थाइलैंड में गिरफ्तारी
इससे पहले भारत सरकार के अनुरोध पर थाइलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट से दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था। बताया गया कि गोवा अग्निकांड के बाद दोनों आरोपी देश छोड़कर थाइलैंड भाग गए थे। सौरभ और गौरव लूथरा अरपोरा स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक बताए जा रहे हैं, जहां यह दर्दनाक हादसा हुआ था।
25 लोगों की गई थी जान, झारखंड के तीन युवक भी शामिल
गौरतलब है कि 7 दिसंबर की रात करीब 12 बजे गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में झारखंड के रांची के तीन युवक भी शामिल थे, जो क्लब में कुक के रूप में काम करते थे। स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाइट क्लब में फायर सेफ्टी मानकों का गंभीर रूप से उल्लंघन किया गया था। घटना के बाद गोवा पुलिस ने मौके से नाइट क्लब के जनरल मैनेजर समेत तीन अन्य कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था।
जांच में तेजी, और गिरफ्तारियों के संकेत
लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में जांच और तेज होने की संभावना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के आधार पर क्लब प्रबंधन और फायर सेफ्टी से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
Reporter | Samachar Post