Samachar Post डेस्क, रांची : चुनाव आयोग मंगलवार को केरल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की मसौदा मतदाता सूची जारी करेगा। यह प्रक्रिया 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का हिस्सा है।
विशेष गहन पुनरीक्षण का हिस्सा
चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों का यह विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 दिसंबर को अंडमान एवं निकोबार की मसौदा मतदाता सूची भी सार्वजनिक की जाएगी।
राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी सूची
आयोग ने सभी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों (CEO) और जिला निर्वाचन पदाधिकारियों (DEO) को निर्देश दिया है कि वे सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रस्तावित मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराएं।
वेबसाइट पर भी होगी अपलोड
मसौदा मतदाता सूची CEO और DEO की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी, ताकि आम नागरिक और राजनीतिक दल आसानी से इसका अवलोकन कर सकें।
यह भी पढ़ें: बड़ा तालाब को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए नगर निगम ने शुरू किया अभियान
अनुपस्थित और मृत मतदाताओं का होगा विवरण
इस सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित (पलायन करने वाले) और मृत मतदाताओं से संबंधित पूरी जानकारी शामिल होगी, जिससे फर्जी या दोहरे नामों को हटाया जा सके।
पहले बढ़ाई जा चुकी है डेडलाइन
निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की समय-सीमा पहले दो बार बढ़ाई थी। 30 नवंबर को आयोग ने 12 राज्यों में गहन पुनरीक्षण की डेडलाइन बढ़ाकर 11 दिसंबर की थी, जिसके बाद फिर से समय सीमा में विस्तार किया गया।
मतदाता सूची को बनाएगा अधिक भरोसेमंद
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम मतदाता सूची को और अधिक सटीक, अद्यतन और भरोसेमंद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।