Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के टुंडी स्थित स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय 36वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
खेल अनुशासन और नेतृत्व का माध्यम : राज्यपाल
राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रहने और खेलकूद में अधिक रुचि लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक या पुरस्कार जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और परिश्रम जैसे जीवन के अहम गुण भी विकसित करते हैं।
यह भी पढ़ें: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे धनबाद, टुंडी में कार्यक्रम में होंगे शामिल
शारीरिक और मानसिक विकास में खेलों की भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों से आए बच्चों को आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करते देखना प्रेरणादायक है। उन्होंने खेलों को बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का सशक्त माध्यम बताया।
विद्या भारती के प्रयासों की सराहना
संतोष गंगवार ने विद्या भारती द्वारा दूर-दराज के क्षेत्रों में शिक्षा और खेल को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई पहचान मिली है और “खेलो इंडिया” जैसी योजनाओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने का अवसर मिल रहा है।
झारखंड के खिलाड़ियों का दिया उदाहरण
राज्यपाल ने झारखंड के प्रसिद्ध खिलाड़ियों महेंद्र सिंह धोनी, दीपिका कुमारी, पूर्णिमा महतो और सलीमा टेटे का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे गांवों और कस्बों के खिलाड़ी भी सही मार्गदर्शन और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
माता-पिता से की विशेष अपील
राज्यपाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें और उन्हें खेलकूद व स्वास्थ्यप्रद गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बन सकें।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।