- पिपरवार में तड़के मुठभेड़, पुलिस अभियान के दौरान भिड़ंत
Samachar Post रिपोर्टर,चतरा : चतरा जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के दौरान शनिवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह का सदस्य जुबैर अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। घटना सुबह करीब 3 बजे पिपरवार इलाके में हुई।
घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर बताई गई
गोली लगने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने जुबैर अंसारी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गोली उसके पैर में लगी है और हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: फ्लाइट कैंसल होने से बढ़ी भीड़, रेलवे ने 37 ट्रेनों में 116 एक्स्ट्रा कोच लगाए
बोकारो जोन में बड़े स्तर पर अभियान, रक्षक ऐप से निगरानी
जोनल आईजी सुनील भास्कर के निर्देश पर पूरे बोकारो जोन में अपराधियों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग रक्षक ऐप के माध्यम से भी की जा रही है, ताकि रियल-टाइम में कार्रवाई पर नजर रखी जा सके।
खोज में थी पुलिस, अपराधियों ने पहले की फायरिंग
पुलिस टीम पिपरवार इलाके में राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें जुबैर अंसारी घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में तेजी से छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गैंग के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।