Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं ने पहले चरण में 10,000 रुपये की सहायता राशि लेकर अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है, उन्हें अब सरकार की ओर से 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक मदद दी जाएगी। राज्यपाल विधानसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें :झारखंड के किसानों के लिए बड़ी खबर: धान बेचते ही 3 दिनों में पूरा भुगतान, खरीद होगी 4G POS मशीन से
महिलाओं को मजबूत बनाने पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि यह योजना नीतीश कुमार की पिछली सरकार में शुरू हुई थी और अब नई विधानसभा के गठन के बाद इसे और व्यापक रूप से लागू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके छोटे व्यवसायों को स्थायी आय का स्रोत बनाना है।
युवाओं के लिए बड़ी घोषणा
अपने करीब 30 मिनट के संबोधन में राज्यपाल ने सरकार के आगामी एजेंडा की रूपरेखा भी पेश की। उन्होंने कहा अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने पर काम तेज होगा। यह एनडीए का प्रमुख चुनावी वादा भी था। राज्य भर में इच्छुक परिवारों के घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने की योजना आगे बढ़ रही है।
सत्र की कार्यवाही और राजकीय कार्यक्रम
संयुक्त सत्र से पहले राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती पर माल्यार्पण किया। दोनों नेता राजेंद्र चौक और राजेंद्र घाट पर आयोजित समारोहों में मौजूद रहे, जहां चरखा कातने वाली महिलाओं को साड़ी भी वितरित की गई। विधानमंडल के दोनों सदन सोमवार और मंगलवार को शपथ ग्रहण व स्पीकर चुनाव के बाद अब तीन दिन तक चलेंगे और शुक्रवार को स्थगित हो जाएंगे।
Reporter | Samachar Post