Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर टूल रूम के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने सबसे पहले एक स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरा। इसके बाद चालक चलती ट्रेलर से कूदकर मौके से फरार हो गया। चालक के कूदने के बाद ट्रेलर पूरी तरह अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क की दूसरी ओर चला गया और सामने से आ रही एक बुलेट को रौंद दिया। इस हादसे में बुलेट सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट से एक परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें :मंथन-2025 प्रशासनिक कार्यशाला का आज समापन, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी होंगे शामिल
शिक्षक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल शिक्षक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गदड़ा मध्य विद्यालय के शिक्षक राकेश राय के रूप में हुई है।
पुलिस की जांच शुरू
हादसे में जान गंवाने वाले बुलेट सवारों की पहचान नवीन पाल और उनके भतीजे अभिषेक पाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि फरार चालक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है।
Reporter | Samachar Post