झारखंड में बढ़ी ठंड: 7 जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी

Rupa Kumari | December 4, 2025 | 10:45 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मौसम का रुख बदलने के साथ ठंड में अचानक तेज़ी आ गई है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से सुबह और शाम के समय कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) रांची ने अगले दो दिनों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट गढ़वा, पलामू, सिमडेगा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए लागू रहेगा।

कई जिलों का तापमान तेजी से नीचे

झारखंड के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुमला का तापमान 8°C से नीचे चला गया। हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 9°C रिकॉर्ड किया गया। डाल्टनगंज में पारा 9.5°C दर्ज हुआ। रांची का न्यूनतम तापमान भी लगभग 2°C की गिरावट के साथ 11°C पर पहुंच गया है। मौसम केंद्र का अनुमान है कि 6 दिसंबर तक तापमान में और 3–4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध और कोहरा छाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: “शोध मूल्य-निर्पेक्ष होना चाहिए”- सीयूजे में क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तीसरे दिन दार्शनिक प्रतिमानों पर गहन विमर्श

हल्की बारिश से बढ़ी ठंड

पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश हुई, जिससे सर्दी और बढ़ गई है। खूंटी के अड़की में सबसे अधिक 1.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। खूंटी का न्यूनतम तापमान 9.4°C दर्ज हुआ। चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.4°C रहा।

लोगों के लिए सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचने के लिए जरूरी सावधानियाँ अपनाने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश भर में ठंड का असर और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

Share this news

संबंधित खबरें