Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के हरमू रोड स्थित प्लास्टिको वर्ल्ड दुकान में देर रात लगभग 1 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दुकान के मुख्य दरवाज़े से उठती लपटें देखी और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल पहुंचने से पहले आग पर काबू
सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने साहस और सक्रियता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। उनके प्रयासों की वजह से दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में हल्की बढ़त, रिकॉर्ड हाई के बाद निवेशक रहे सतर्क
लाखों का नुकसान, वाहन भी जले
अगलगी में दुकान को भारी नुकसान हुआ। दुकान के बाहर खड़ी बाइक, स्कूटी और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, नुकसान लाखों रुपये में हो सकता है।
आग लगने का कारण जांच में
अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। पुलिस और फायर ब्रिगेड मामले की जांच में जुटे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।