Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : गया–धनबाद रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने मंगलवार को एक युवक को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा। सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाखों रुपये लेकर ट्रेन से कोलकाता जाने वाला है, जिसके आधार पर स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। पूछताछ में उसकी पहचान अमित कुमार (19 वर्ष), निवासी सिकंदरा, जमुई (बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान वह घबरा गया, जिसके बाद उसे जीआरपी पोस्ट ले जाकर बैग की जांच की गई।
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार का सामान्य प्रशासन विभाग शिथिलता का शिकार : सरयू राय
25 लाख बताया, 40 लाख निकले; दस्तावेज न देने पर नकदी जब्त
युवक ने बताया कि बैग में 25 लाख रुपये हैं और वह सोने-चांदी के कारोबार के लिए यह रकम कोलकाता ले जा रहा है। लेकिन गिनती में 40 लाख रुपये नकद मिले। रकम के संबंध में दस्तावेज मांगे जाने पर उसने एक दिन का समय मांगा, लेकिन समय सीमा के अंदर कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। जीआरपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। निर्देशानुसार एसडीओ कोडरमा की निगरानी में दंडाधिकारी नियुक्त किया जा रहा है, जिनकी उपस्थिति में नकदी जब्त की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद युवक को आयकर विभाग के हवाले किया जाएगा।जीआरपी ने कहा कि अब आयकर विभाग रकम के वास्तविक स्रोत और प्रयोजन की जांच करेगा। घटना के बाद स्टेशन पर निगरानी और भी सख्त कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।