- खूंटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी जिले के रनिया थानेदार पिटाई कांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। तोरपा अनुमंडल पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय सिंह उर्फ संदीप सिंह (निवासी – डिगरी बड़काटोली, रनिया थाना क्षेत्र) और सुखराम कोंगाड़ी (निवासी – सरिता लंगोटोली, कामडारा थाना क्षेत्र, गुमला) के रूप में की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वायरल वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह
सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुखराम कोंगाड़ी ने घटना के बाद एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें वह थानेदार और भीड़ द्वारा की गई मारपीट पर टिप्पणी करता दिखा।
इस वीडियो की पुष्टि के बाद तीन थानों की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया। अब तक इस मामले में कुल आठ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: संसद का शीतकालीन सत्र 2025: 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक, 15 बैठकें तय
पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी
पहले जिन छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था, उनके नाम हैं…
- सुखदेव झोरा उर्फ भोको (20), बसिया थाना क्षेत्र
- सनेटर झोरा उर्फ सोनू (24), रनिया
- जगतपाल सिंह उर्फ चौथा (45), डिगरी
- मेलानियस होरो (32)
- मार्शल कोंगारी (66)
- पूनम भेंगरा (42), रनिया कनकलोया
क्या है पूरा मामला
यह घटना 2 नवंबर की है, जब लोहागाड़ा में डाइर मेला चल रहा था। थानेदार विकास कुमार जायसवाल विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ मेले में मौजूद थे। उन्हें सूचना मिली कि दो गुटों में झगड़ा हो रहा है। जब वे एक सिपाही के साथ मौके पर पहुँचे, तो कुछ लोग नशे की हालत में मारपीट कर रहे थे। थानेदार ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई की। कांस्टेबल ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसकी राइफल छीनने का प्रयास किया। बाद में पुलिस बल ने स्थिति पर नियंत्रण पाया।
थानेदार की हालत स्थिर, इलाज जारी
SP मनीष टोप्पो ने बताया कि थानेदार विकास कुमार जायसवाल अब खतरे से बाहर हैं, और उनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी अभियान तेज किया गया है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संपूर्ण घटनाक्रम की वीडियोग्राफी और डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने का आदेश दिया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।