Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी जमशेदपुर 20 और 21 दिसंबर को एक ऐतिहासिक साहित्यिक महोत्सव की मेजबानी करेगी। विद्यादीप फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय समारोह साहित्य, कला, मीडिया, सिनेमा और जनजातीय विरासत की अनोखी झलक प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम में देश के विख्यात लेखक, कलाकार, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व, उद्यमी और युवा सृजनशील चेहरे शामिल होंगे। यह आयोजन जमशेदपुर के सांस्कृतिक नक्शे पर एक महत्वपूर्ण पहचान बनाने जा रहा है।
20 दिसंबर: साहित्य, मीडिया और मनोरंजन पर केंद्रित सत्र
यह भी पढ़ें: पटना में एलजेपी का 25वां स्थापना दिवस, बापू सभागार में तैयारियाँ पूरी
अपराह्न 2:30 बजे: सस्ता सुंदर समूह के प्रबंध निदेशक और उद्यमी बनवारी लाल मित्तल व्यापार और निवेश पर सत्र लेंगे। वे अपनी पुस्तक Cracking the Marwari Code के संदर्भ में भारतीय लोकोक्तियों की व्यावसायिक उपयोगिता पर चर्चा करेंगे। सिंगापुर स्थित साहित्यकार और मर्चेंट नेवी कैप्टन विनोद कुमार दूबे भी इसमें शामिल होंगे। दोपहर 3:30 बजे: युवा पत्रकार और इंडिया टुडे के एंकर डॉ. अंजुम शर्मा “बदलता भारत और मीडिया की नई कहानी” विषय पर चर्चा करेंगे, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार संजय मिश्र संवाद करेंगे। संध्या 4:30 बजे: फिल्म और एंटरटेनमेंट उद्योग पर सत्र, जिसमें अभिनेता राजेश जैस, पटकथा लेखक डी. एन. ओझा और दिल्ली यूनिवर्सिटी की पूर्व निदेशक डॉ. भारती गोरे “Silent Cinema से OTT तक बदलते भारतीय मनोरंजन” पर विचार साझा करेंगे। संचालन प्रो. एम. के. पांडेय करेंगे।
पद्मश्री सम्मान और पुस्तक विमोचन
पहले दिन संध्या 5:30 बजे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पद्मश्री सम्मान समारोह होगा। इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें शामिल हैं पर्यावरणविद लक्ष्मण सिंह, कलाकार भज्जू श्याम, ‘टार्जन लेडी’ जमुना टुडू, लेखिका डॉ. दमयंती बेसरा, वनरक्षक चामी मुर्मू, पर्वतारोही प्रीमलता अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपिका कुमारी और सामाजिक कार्यकर्ता छुटनी देवी। साथ ही कुछ पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा, जिनमें लखनऊ की डॉ. मंजू अग्रवाल की पुस्तक Psychology of Self-Talk शामिल है।
21 दिसंबर: कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति का दिवस
दूसरे दिन का आयोजन पूरी तरह कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित होगा। सुबह 9:45 बजे कला वर्कशॉप का आयोजन, जिसका संचालन वरली आर्टिस्ट आकांक्षा सिंह (वाराणसी) और सोहराय आर्टिस्ट पुनिता मिश्रा (राँची) करेंगी। इसके बाद “बायोग्राफी ऑफ कैनवास” सत्र में चित्रकार मनीष पुष्कले, पद्मश्री गोंड कलाकार भज्जू श्याम और IRS अधिकारी एवं कला संधारक ऋतु शर्मा एक साथ मंच साझा करेंगे। संचालन जयपुर की प्रो. प्रणु शुक्ला करेंगी। कार्यक्रम में कला छात्रों और कॉलेजों के विभागाध्यक्षों के लिए विशेष इंटरैक्शन और सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति का संदेश
आयोजन समिति की सदस्य डॉ. जूही समर्पिता ने कहा कि यह महोत्सव जमशेदपुर की कला-संस्कृति को नया आयाम देगा। समिति के अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी) ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और शहर के साहित्यकार, कलाकार, व्यवसायी और विद्यार्थी इसमें भाग ले सकते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।