Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। चिड़िया पार्क के पास सोमवार को दो युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में लड़की की मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है, जबकि लड़की को हल्की चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें :पलामू: पत्नी ने रस्सी से गला घोंटकर की पति की हत्या, प्रेम प्रसंग का आरोप- दोनों गिरफ्तार
आठ महीने पहले भी उन्हीं युवकों ने की थी छेड़खानी
पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपियों की पहचान रोहित और रौशन के रूप में हुई है, जो 8–10 अन्य युवकों के साथ मिलकर हमला करने पहुंचे थे। परिवार ने बताया कि करीब आठ महीने पहले भी उन्हीं युवकों ने छेड़खानी की थी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। तब से आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे और धमकियां दे रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Reporter | Samachar Post