Samachar Post रिपोर्टर,रांची :इंडिगो की दिल्ली–रांची फ्लाइट से पहुंचे यात्रियों को मंगलवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उन्हें पता चला कि उनका सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही छूट गया है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बैग न मिलने से यात्रियों ने जमकर नाराज़गी जताई और हंगामा किया। यात्रियों ने बताया कि किसी के चार में से तीन बैग गायब हैं, तो कोई सिर्फ एक बैग लेकर ही बाहर निकला। कई लोगों ने कहा कि जरूरी दस्तावेज़, कपड़े और यहां तक कि घर की चाबियाँ भी उनके बैग में थीं, जिसकी वजह से वे घर के अंदर जाने में भी असमर्थ हैं।
यह भी पढ़ें :अरुणाचल की महिला को शंघाई एयरपोर्ट पर रोका, चीन ने भारतीय पासपोर्ट को बताया ‘अमान्य’
एयरपोर्ट प्रबंधन ने मांगा समय
प्रबंधन ने यात्रियों से 24 घंटे का समय मांगा है और भरोसा दिया है कि सभी बैग जल्द रांची भेज दिए जाएंगे। यात्रियों का आरोप है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी के बावजूद उन्हें समय पर सूचना नहीं दी गई।सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में लगेज बेल्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण कई बैग विमान में लोड ही नहीं हो पाए और वहीं रह गए। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन शिकायतें दर्ज कर रहा है और यात्रियों का सामान ट्रैक कर रांची पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
Reporter | Samachar Post