Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले में मंगलवार देर रात एक बार फिर हाथियों का आतंक देखने को मिला। जमुआ मुख्य मार्ग पर लगभग 25–30 हाथियों का विशाल झुंड अचानक सड़क पार करता हुआ देखा गया। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब हाथी जंगल से निकलकर हरोन्जो मेन रोड की ओर बढ़ गए।
ग्रामीणों की भीड़ जुटी, हाथियों ने बिना रुके पार की सड़क
हाथियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। भीड़ के बावजूद झुंड ने किसी तरह की रुकावट महसूस किए बिना सहज रूप से सड़क पार की और आगे निकल गया।
यह भी पढ़ें: पलामू में आठ साल के बच्चे का शव कुएं से बरामद
धान के खेतों में भारी नुकसान, कई जगह फसलें रौंदी
ग्रामीणों ने बताया कि किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन वीडियो और स्थल निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि झुंड के गुजरने से कई किसानों के धान के खेतों में भारी क्षति हुई है। हाथियों के पैरों से फसलें बुरी तरह रौंदी गईं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
बेंगाबाद की ओर बढ़ा झुंड, वन विभाग अलर्ट पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथियों का यह झुंड हरोन्जो से डुमरडीहा मार्ग होते हुए बेंगाबाद की ओर बढ़ गया। देर रात की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग को जानकारी दे दी गई है और टीम हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रही है, ताकि किसी संभावित नुकसान से बचा जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।