Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के अम्बाटांड़ (पलंगी) गांव में बीती देर रात एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान गंगा सिंह की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें :बिहार चुनाव 2025: मतगणना शुरू, शुरुआती रुझानों में कई बड़े नेताओं को बढ़त
घर के अंदर मिला धड़, झाड़ियों में मिला सिर
सुबह जब ग्रामीणों ने घटना की सूचना दी, तो पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि शांति देवी का धड़ घर के अंदर पड़ा था, जबकि कटा हुआ सिर घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में छिपा हुआ मिला। वारदात की क्रूरता देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
गांव में तनाव, परिजनों का पोस्टमॉर्टम से इनकार
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। परिजन और ग्रामीण गुस्से में पुलिस को शव उठाने से रोकते रहे। उनका कहना है कि हत्या की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम के पहुंचने और वैज्ञानिक जांच से पहले शव को नहीं ले जाया जाएगा। मौके पर देर तक हंगामा जारी रहा।
एक संदिग्ध हिरासत में- पुलिस
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल के अनुसार, पुलिस ने एक व्यक्ति को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घोड़थम्बा, जमुआ और हीरोडीह थाने की फोर्स मौके पर तैनात की गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
Reporter | Samachar Post