Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के कोर्ट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हत्या के आरोपी एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहसिक कदमों की बदौलत आरोपी को कुछ ही मिनटों में पकड़ लिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई। जानकारी के अनुसार, धनवार थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ पंचायत के गरडीह गांव निवासी 25 वर्षीय बच्चू सिंह पर 55 वर्षीय रवींद्र सिंह की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। सोमवार को पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेशी के लिए लाया था। लेकिन जैसे ही पुलिस उसे कोर्ट परिसर के पास लेकर पहुंची, वह हथकड़ी लगे होने के बावजूद पुलिस की आंखों में धूल झोंककर भाग निकला।
भागते कैदी के पीछे दौड़ी पुलिस और जनता
कैदी के अचानक भागने से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बच्चू सिंह तेजी से टॉवर चौक की ओर भागा, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग उसके पीछे दौड़ पड़े। वह अम्बेडकर चौक के पास पंच मंदिर के समीप पहुंचा ही था कि वहां मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे रोक लिया और काबू में कर लिया। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी को पुनः हिरासत में लेकर कोर्ट ले गई।
यह भी पढ़ें: बैंक डकैती के नामजद आरोपी थे राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह, नामांकन के बाद झारखंड पुलिस ने किया गिरफ्तार
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने ड्यूटी पर तैनात जवानों की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और सजगता ने पुलिस की किरकिरी को आंशिक रूप से बचा लिया।
क्षेत्र में चर्चा का विषय
घटना के बाद गिरिडीह शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नागरिकों ने हस्तक्षेप न किया होता, तो आरोपी फरार होकर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन सकता था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।