झारखंड: नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब लड़कियां भी पढ़ेंगी, CM ने किया ऐलान

Rupa Kumari | September 2, 2025 | 06:04 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए घोषणा की कि अब नेतरहाट आवासीय विद्यालय में लड़कियों को भी पढ़ाई का मौका मिलेगा। पहले यह विद्यालय केवल लड़कों के लिए था। यह ऐलान “नियुक्ति पत्र वितरण सह मेधा सम्मान समारोह” के दौरान किया गया। इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, राज्यसभा सांसद महुआ माझी, और श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद थे।

टॉपर्स और शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में CM ने विभिन्न बोर्डों जैसे जैक बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉपर छात्रों और छात्राओं को लैपटॉप, मोबाइल, सुजुकी 125 सीसी स्कूटी और तीन लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। साथ ही, आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों (PGT), सहायक आचार्य (गणित और विज्ञान) और लैब सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

यह भी पढ़ें : सरकारी नौकरी का लालच देकर लाखों की ठगी, आरोपी मनीष कुमार की जमानत अर्जी खारिज

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का जोर

CM हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार लगातार शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने के प्रयास कर रही है। नई नियुक्तियों से स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा, नेतरहाट में लड़कियों की पढ़ाई शुरू करना बेटियों को उच्चस्तरीय शिक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम है।

विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप

CM ने यह भी बताया कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जो छात्रों को विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप प्रदान करता है। सरकार इस योजना के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। छात्रों को लैपटॉप और मोबाइल दिए जा रहे हैं, ताकि वे आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ सकें। CM ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, अगर आप सफलता की ओर एक कदम बढ़ाते हैं, तो सरकार आपके साथ दस कदम चलने को तैयार है।

Share this news

संबंधित खबरें