- गैंगस्टर मयंक सिंह ने पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड एटीएस को अपराध जगत से जुड़े एक और बड़े नाम की जानकारी मिली है। एटीएस की रिमांड पर आए गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा ने पूछताछ के दौरान बताया कि लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चेटर गांव निवासी राहुल सिंह विदेश में बैठकर अपराध का सिंडिकेट चला रहा है। जानकारी सामने आने के बाद से ही राहुल सिंह अब एटीएस की रडार पर है।
विदेश में छिपकर चला रहा गिरोह
मयंक सिंह ने खुलासा किया कि राहुल सिंह फिलहाल अजरबैजान-जॉर्जिया सीमा क्षेत्र में रह रहा है। वहीं से वह इंटरनेट और डिजिटल नेटवर्क के जरिए झारखंड में आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है। बताया गया कि राहुल सिंह को स्थानीय भाषा और अंग्रेजी का ज्ञान नहीं है, इसके बावजूद वह गिरोह से जुड़े लोगों के जरिए अपना काम करवा रहा है।
यह भी पढ़ें : रिम्स जीबी की 60वीं बैठक आज, पहली बार रिटायर्ड जज की निगरानी में होगी बैठक
“आजाद सरकार” और “झांगुर गिरोह” का संचालन
पूछताछ में सामने आया कि राहुल सिंह झारखंड में आजाद सरकार और झांगुर गिरोह नामक आपराधिक संगठनों को संचालित कर रहा है। अमन साहू के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से राहुल सिंह इन गिरोहों को सक्रिय कर रहा है। अपराध से होने वाली कमाई हवाला के जरिए विदेशों में ट्रांसफर कराई जाती है।
अपराध के तरीकों में बदलाव
एटीएस के अनुसार अब अपराध की शैली बदल चुकी है। पहले अपराधी भारत के किसी दूसरे राज्य में छिपकर नेटवर्क चलाते थे, लेकिन अब डिजिटल प्लेटफॉर्म और इंटरनेट के जरिए विदेश से ही गिरोह का संचालन हो रहा है।
एटीएस एसपी का बयान
झारखंड एटीएस एसपी ऋषव झा ने कहा कि मयंक सिंह ने कई अहम जानकारियां दी हैं। राहुल सिंह समेत अन्य अपराधियों को पकड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर प्रयास कर रही हैं और जल्द ही राहुल सिंह को भारत लाया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।