Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने विधायक पर कथित तौर पर गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। इसी बीच जयराम महतो और थाना प्रभारी के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह व्हाट्सऐप कॉल की रिकॉर्डिंग है, जिसे दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया है।
यह भी पढ़ें : झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, JPSC पुनर्गठन समेत कई अहम प्रस्तावों पर हो सकती है चर्चा
थाना प्रभारी ने शिकायत में क्या कहा?
थाना प्रभारी की शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त की रात करीब 8:09 बजे वे थाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान जयराम महतो का व्हाट्सऐप कॉल आया। आरोप है कि विधायक ने अपने समर्थक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने और उसकी गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताई। शिकायत में कहा गया है कि थाना प्रभारी जब विधायक को मामले की जानकारी देने का प्रयास कर रहे थे, तभी कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। आरोप है कि विधायक ने उनकी वर्दी उतरवाने और सरकार बदलने के बाद देख लेने की धमकी दी। इसके अलावा ऑफ ड्यूटी मिलने पर कार्रवाई करने की बात कहने का भी आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी की ओर से दर्ज प्राथमिकी में जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जीतेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक कुमार महतो, रंजीत कुमार साव, राजेश महतो, महेंद्र साव और त्रिपुरी पांडेय को नामजद किया गया है। इनके अलावा 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
गणेश दास की हिरासत के बाद बढ़ा विवाद
पूरा विवाद बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के कथित फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र तैयार करने के आरोप में जेएलकेएम नेता गणेश दास को हिरासत में लिए जाने के बाद शुरू हुआ। इसके बाद शुक्रवार रात बरवाअड्डा थाने में पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बनी। घटना के बाद विधायक जयराम महतो और मुखिया पक्ष की ओर से अलग-अलग शिकायतें भी दी गईं। मुखिया के बेटे प्रदीप कुमार रजक की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 21 अगस्त की रात वह अपने पिता से मिलने बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे। वहां मौजूद जयराम महतो पर उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और कथित तौर पर गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। विधायक समर्थकों पर भी मारपीट का आरोप लगाया गया है।

जयराम महतो ने आरोपों को खारिज किया
वहीं, जयराम महतो ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वह जेएलकेएम नेता गणेश दास के साथ कथित पुलिसिया बर्बरता की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। विधायक ने दावा किया कि थाने में उन्हें घेरकर जान से मारने का प्रयास किया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। जयराम महतो के मुताबिक, थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद पत्रकारों के वीडियो फुटेज से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
विधायक ने भी लगाया मारपीट और लूटपाट का आरोप
जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाने में आवेदन देकर कई लोगों पर हमला, मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, थाने में मौजूद प्रदीप रजक, तारकेश्वर रजक, दिनेश रजक समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। विधायक ने अपने समर्थक सुशील मंडल के साथ मारपीट करने तथा सोने की चेन और नकदी छीनने का भी आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

