JSSC परीक्षा स्थगित, तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों ने हेमंत सरकार पर बोला हमला

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। परीक्षा 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होनी थी, लेकिन तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए अचानक स्थगन की घोषणा कर दी गई। इस निर्णय के बाद विपक्ष, विशेषकर भाजपा के तीन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरन, बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास ने हेमंत सरकार पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा व्यक्त किया। चंपाई सोरेन ने लिखा कि यह युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ है। अगर परीक्षा नहीं ली जा सकती थी तो पहले सूचना देने में क्या समस्या थी? ऐसे नकारा एजेंसियों को बंद कर देना चाहिए। वहीं बाबूलाल मरांडी ने लिखा हेमंत सरकार युवाओं के साथ विश्वासघात कर रही है। तकनीकी खामियों का हवाला देकर परीक्षा रद्द कर दिया गया। सरकार को तत्काल पारदर्शी ढंग से परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित करना चाहिए और अभ्यर्थियों के आने-जाने का खर्च वहन करना चाहिए। रघुवर दास ने लिखा धिक्कार है झारखंड सरकार पर! रात के अंधेरे में परीक्षा रद्द करना छात्रों के साथ धोखाधड़ी है। इस सरकार को झारखंड के युवाओं से सबक मिलेगा।

यह भी पढ़ें : NTA का बड़ा फैसला: अब परीक्षा केंद्र आधार कार्ड के पते के अनुसार मिलेगा

अभ्यर्थियों की परेशानी

स्थगन की सूचना ऐसे समय में आई जब कई छात्र पहले ही अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके थे। कई दूर-दराज के जिलों से आए छात्र होटलों या छात्रावासों में रुके थे। अचानक परीक्षा रद्द होने की खबर से उनमें गहरी नाराजगी और मायूसी देखने को मिली।

JSSC का बयान

JSSC ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर कहा कि अपरिहार्य तकनीकी कारणों से परीक्षा स्थगित की गई है। नई तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें