Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रविवार को ‘सेवा के अधिकार सप्ताह’ कार्यक्रम में SIR (मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण) को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि SIR के नाम पर भाजपा लोगों को घुसपैठिया घोषित कर वोटर लिस्ट से नाम हटाने की साजिश कर रही है।
यह भी पढ़ें :बंगाल में SIR से बांग्लादेशी घुसपैठियों में हड़कंप, हावड़ा के बंगालपाड़ा में ताले लटके
SIR का विरोध करें- इरफान अंसारी
इरफान अंसारी ने लोगों से कहा कि वे SIR का विरोध करें और यदि BLO (बेसिक लिस्टिंग ऑफिसर) घर पर जानकारी लेने आएं तो उन्हें बांधकर रखने तक की बात कही। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए बताया कि वहाँ SIR के बहाने करीब 65 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, जिससे महागठबंधन को करीब 80 विधानसभा सीटों का नुकसान हुआ। मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह मामला सिर्फ मुसलमानों तक सीमित नहीं, बल्कि आदिवासी, दलित, पिछड़े और सभी कमजोर वर्गों से जुड़ा है।
मंत्री का बयान भ्रामक- सुमित शरण
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने मंत्री के बयान को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी बिना जानकारी के गलत दावे कर रहे हैं। जामताड़ा जिला प्रशासन किसी राजनीतिक दल के पक्ष में नहीं काम कर रहा। BLO सरकारी कर्मचारी होते हैं और उपायुक्त के निर्देश पर ही काम करते हैं। शरण ने कहा कि मंत्री का बयान ऐसे समय में दिया गया जब उपायुक्त मौजूद थे, जो चिंताजनक है।
Reporter | Samachar Post