Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला जिले के कामडरा और चैनपुर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जंगली हाथियों का आतंक जारी है। सिमडेगा की ओर से आए हाथियों के झुंड ने सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद कर दी है, जबकि दो किसानों के घर भी नुकसानग्रस्त हो गए।
14 हाथियों का झुंड डेरा डाले बैठा
टुरुंडू डूमरटोली में 14 हाथियों का झुंड, जिसमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, डेरा जमाए हुए है। बसिया क्षेत्र के फॉरेस्टर प्रभारी लिब्नुस कुल्लू ने बताया कि बीती रात झुंड ने मेरी तोपनो और इमिल तोपनो के घर क्षतिग्रस्त कर दिए।
यह भी पढ़ें: USCIRF की नई रिपोर्ट में फिर उठा बाबरी मस्जिद का मुद्दा, राम मंदिर निर्माण पर भी टिप्पणी
कई गांवों में फसल रौंदी
चैनपुर के बुकमा गांव में झुंड ने किसानों की फसल पर कहर बरपाया। किसान दिलबर नगेसिया के खेत में लगभग एक क्विंटल आलू की फसल बर्बाद हो गई। सुधीर बाड़ा और उनकी पत्नी के करीब दो एकड़ धान की खेती पूरी तरह नष्ट हो गई।
ग्रामीणों की गुहार मुआवजा दें, हाथियों को हटाया जाए
पीड़ित किसानों ने वन विभाग से नुकसान का मुआवजा और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि धान कटाई के मौसम में हर साल यही समस्या होती है और लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है।
कई गांव प्रभावित
हाथियों का यह झुंड चैनपुर, जारी और कामडरा प्रखंडों के सीमावर्ती इलाकों में घूम रहा है। रात के समय यह झुंड बुकमा, बरटोली, छतरपुर, बम्हनी, बेंदोरा, सरखी और श्रीनगर जैसे गांवों में घुसकर फसल और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।