- 10 ठिकानों पर छापेमारी, पांच राज्यों में एक साथ अभियान
Samachar Post डेस्क, रांची : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अल-कायदा गुजरात आतंकी साजिश मामले में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, हरियाणा और गुजरात में कुल 10 स्थानों पर छापेमारी की। एनआईए के अनुसार, इस केस में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की संलिप्तता पाई गई है, जो जाली पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर भारत में रह रहे थे।
डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त
छापेमारी के दौरान कई डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एजेंसी ने बताया कि सभी सामग्री को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि संदिग्धों के नेटवर्क और गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। एनआईए ने बताया कि यह मामला वर्ष 2023 में दर्ज किया गया था। इसमें चार बांग्लादेशी नागरिक, मोहम्मद सोजिब मियां, मुन्ना खालिद अंसारी, अजरुल इस्लाम और अब्दुल लतीफ पर आरोप है कि उन्होंने जाली भारतीय पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर भारत में प्रवेश किया और छिपकर गतिविधियां चला रहे थे।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में बंपर भर्ती, आवेदन 14 नवंबर से शुरू
अल-कायदा से जुड़ा नेटवर्क, युवाओं को भड़काने का आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित संगठन अल-कायदा से जुड़े हुए थे। ये लोग बांग्लादेश में आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने और मुस्लिम युवाओं को भड़काने का काम कर रहे थे। एजेंसी के मुताबिक, इनकी गतिविधियां भारत में भी फैलाने की कोशिश की जा रही थी।
विशेष अदालत में दायर हुआ था आरोप पत्र
एनआईए ने इस मामले में 10 नवंबर 2023 को अहमदाबाद की विशेष अदालत में चार्जशीट दायर की थी। अब एजेंसी जब्त किए गए साक्ष्यों और डिजिटल डाटा का विश्लेषण कर रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
NIA की निगरानी में आगे की कार्रवाई जारी
एनआईए अधिकारियों ने बताया कि यह छापेमारी अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने और देश में सक्रिय विदेशी आतंकियों की पहचान के उद्देश्य से की गई है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।