Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा : गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के बागजोरी गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव घर के पीछे स्थित कुएं से बरामद किया गया। मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है, जो 5 नवंबर से लापता थी।
पति से विवाद के बाद गायब हुई थी महिला
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की शाम काजल का अपने पति मिथुन भगत से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। मिथुन ने बताया कि वह उस दिन अपनी मां को महागामा छोड़ने और किराना सामान लेने गया था। देर से लौटने पर पत्नी ने सवाल किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान काजल घर से निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी।
कुएं में दिखा शव, ग्रामीणों ने दी सूचना
परिजनों ने कई दिनों तक उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने घर के पीछे स्थित कुएं में एक शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल और एएसआई रोमा कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एंटी क्राइम चेकिंग में दो युवक गिरफ्तार, स्कूटी से मिले 5 लाख के 8 मोबाइल फोन
शादी को दो साल, एक साल का बच्चा
मृतका के पति मिथुन भगत ने बताया कि काजल मूल रूप से भागलपुर जिले के नाथनगर की रहने वाली थी। दोनों की शादी वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनका एक वर्ष का बच्चा भी है।
पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या या आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।