Samachar Post डेस्क,पटना :बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। 18 जिलों की 101 सीटों पर हुए इस मतदान में 64.66% वोटिंग दर्ज की गई, जो बिहार विधानसभा चुनाव के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक वोटिंग बताई जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 3.75 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस बार महिलाएं, युवा और पहली बार वोट देने वाले मतदाता चुनाव के हीरो बनकर उभरे। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी ने मतदान प्रतिशत को नई ऊंचाई तक पहुंचा दिया।
दूसरे चरण की सियासी हलचल तेज, शिवहर बना शक्ति प्रदर्शन का मंच
पहले चरण की सफलता के बाद अब दूसरे चरण की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। सभी प्रमुख दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आज शिवहर राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पुरनहिया में जनसभा करेंगे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, समाहरणालय मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा की जानकारी जदयू प्रत्याशी स्वेता गुप्ता के पति डॉ. वरुण कुमार ने दी।
यह भी पढ़ें :Aurangabad: आज औरंगाबाद में चुनावी हुंकार भरेंगे प्रधानमंत्री मोदी
महिलाओं और युवाओं ने बदले चुनावी समीकरण
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो महिला वोटर्स, जीविका दीदियां और युवा मतदाता इस बार चुनाव में गेमचेंजर साबित हो रहे हैं। इनकी सक्रिय भागीदारी ने सभी दलों की रणनीति को नई दिशा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि 2025 का चुनाव महागठबंधन और NDA दोनों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और निर्णायक साबित हो सकता है।
चुनाव आयोग की सख्त निगरानी, बूथों पर लाइव मॉनिटरिंग
चुनाव आयोग ने मतदान को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए
- पटना कंट्रोल रूम से बूथों की लाइव मॉनिटरिंग
- 45,000 से अधिक बूथों पर वेबकास्टिंग
- शिकायत मिलते ही तत्काल एक्शन
- जिला व राज्य प्रशासन की 24×7 निगरानी
आज शिवहर में ‘महाजुटान’, अगले चरण पर पड़ेगा असर
शिवहर में आज की रैलियां और जनसभाएं आगामी चरणों के मतदान का रुख तय कर सकती हैं। सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंककर जनता का भरोसा जीतने में जुटे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पहले चरण की रिकॉर्ड वोटिंग अगले चरणों में किस पार्टी के पक्ष में माहौल बनाती है।
Reporter | Samachar Post