Samachar Post रिपोर्टर, रांची: पर्यटन और खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि रांची पूरी तरह तैयार है 4 वां साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की मेजबानी के लिए। यह आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में होगा। 15 वर्षों के बाद यह शहर इतने बड़े खेल आयोजन की मेज़बानी कर रहा है, जिसमें झारखंड की संस्कृति, परंपरा और खेल भावना का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा।
इस प्रतियोगिता में भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और मालदीव के कुल 254 खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। कुल 37 पदक स्पर्धाएँ तीन दिनों में आयोजित होंगी। भारत के 73, श्रीलंका के 63, नेपाल के 27, बांग्लादेश के 20, मालदीव के 15 और भूटान के 8 खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पहुंचे रांची
इस अवसर पर परमजीत सिंह, साक्षी चव्हाण, आनंद, अभिषेक और संदीप सहित कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने कहा कि झारखंड में इस स्तर का आयोजन होना और उन्हें यहाँ खेलने का अवसर मिलना गर्व की बात है। सीनियर और जूनियर खिलाड़ी एक मंच पर प्रदर्शन करेंगे, जो इस आयोजन को और भी विशेष बनाता है।
उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को
चैंपियनशिप का उद्घाटन 24 अक्टूबर को शाम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करकमलों से होगा। समारोह में 500 कलाकार झारखंड की लोककला, नृत्य और जनजातीय विरासत प्रस्तुत करेंगे। खेलों का शुभंकर “बलमा” और आधिकारिक एंथम राज्य की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएंगे। भारतीय टीम के खिलाड़ी पहले ही रांची पहुँचकर अभ्यास कर रहे हैं। महासचिव मधुकांत पाठक ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि भारत इस चैंपियनशिप में 25 से अधिक स्वर्ण पदक जीते। टीम का लगभग 50% हिस्सा युवा खिलाड़ियों का है, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिल सके। भारत ने पिछली 2008 कोच्चि चैंपियनशिप में कुल 57 पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था।
यह भी पढ़ें: झारखंड में कार्बन क्रेडिट-व्यापार : जंगल, आदिवासी और जलवायु न्याय का सवाल
मंत्री ने किया अंतिम निरीक्षण
कला, संस्कृति, खेल और युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने स्टेडियम में अंतिम तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ 2032 ओलंपिक की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण हैं। भारतीय एथलीट साक्षी चव्हाण, समरदीप सिंह, आनंद और अभिषेक ने घरेलू मैदान पर खेलते हुए युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने की बात कही।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।