Samachar Post रिपोर्टर,रांची: झारखंड सरकार ने अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। कोटा के प्रसिद्ध मोशन एजुकेशन संस्थान के सहयोग से अब राज्य के भीतर ही मेडिकल (NEET) और इंजीनियरिंग (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। इस कोचिंग की शुरुआत रांची के हिंदपीढ़ी स्थित कल्याण विभाग के भवन में होगी। इस महत्वाकांक्षी योजना को संचालित करने की जिम्मेदारी अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखंड सरकार को दी गई है। इसके साथ ही सरकार UPSC और अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को दिल्ली भेजने की योजना भी बना रही है।
यह भी पढ़ें :रांची में दरिंदगी: युवक ने चचेरी बहन को बुलाकर दोस्तों संग किया गैंगरेप, FIR दर्ज
पहले चरण में 300 छात्रों को मिलेगा लाभ
विभाग ने कोचिंग संस्थान को कार्य आदेश जारी कर दिया है। पहले चरण में 300 मेधावी छात्रों को चुना गया है, जिनका चयन शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। इन छात्रों को निशुल्क कोचिंग, हॉस्टल और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जरूरी सुधारों के निर्देश दिए गए
चमरा लिंडा (कल्याण मंत्री, झारखंड) ने कहा हमारा लक्ष्य है कि झारखंड के बच्चे भी आईआईटी, एम्स जैसे शीर्ष संस्थानों में पढ़ाई करें। कई प्रतिभावान छात्र संसाधनों की कमी के कारण पीछे रह जाते हैं। सरकार चाहती है कि कोई भी मेधावी बच्चा अपनी आर्थिक स्थिति के कारण पीछे न रहे। मंत्री चमरा लिंडा ने कुलदीप चौधरी (कल्याण आयुक्त) के साथ कोचिंग केंद्र का दौरा किया। उन्होंने छात्रावास, पुस्तकालय और भोजनालय का निरीक्षण किया और सभी जरूरी सुधारों के निर्देश दिए।
आगे की योजना
- पहले चरण में ST वर्ग के छात्रों को मौका मिलेगा।
- दूसरे चरण में SC और फिर OBC छात्रों को योजना में शामिल किया जाएगा।
- UPSC और अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए चयनित छात्रों को दिल्ली भेजा जाएगा।
इस योजना से झारखंड के हजारों मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम मान रही है।
Reporter | Samachar Post