रेल-टेका आंदोलन के पीड़ितों की न्यायिक लड़ाई का खर्च उठाएगी आजसू पार्टी : सुदेश महतो

Rupa Kumari | October 6, 2025 | 04:49 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : कोटशिला (झारखंड) आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने रविवार को कोटशिला पहुंचकर रेल-टेका आंदोलन के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। बंगाल पुलिस ने उन्हें दूसरी बार रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रही। महतो ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनकी न्यायिक लड़ाई का पूरा खर्च आजसू पार्टी उठाएगी।

रेल-टेका आंदोलन और गिरफ्तारी

20 सितंबर को हुए रेल-टेका आंदोलन के दौरान 49 पुरुषों और 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। पीड़ित परिवारों ने बताया कि आंदोलन के दौरान महिलाओं पर भी लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार किया गया। सुदेश महतो ने परिवारों से संवाद कर उनकी व्यथा सुनी और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें : चक्रधरपुर रेल मंडल की 16 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट- जानें कब से कब तक रहेगा असर

शासन जनता की सेवा के लिए है, डराने के लिए नहीं

लोगों को संबोधित करते हुए महतो ने कहा, शासन का मतलब जनता पर राज करना नहीं, उनकी सेवा करना है। अगर शासन डराने लगे, तो समझो जनता जाग चुकी है। उन्होंने आंदोलनकारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का वादा करते हुए कहा कि सच्चा शासन जनता के हित में होता है, उसे दबाने के लिए नहीं।

आजसू ने बताया लोकतंत्र का हनन

आजसू पार्टी ने बंगाल पुलिस द्वारा सुदेश महतो को रोकने की कोशिश को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। महतो ने लोगों से अपील की कि वे बिना डरे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। इस दौरान गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

पीड़ितों के साथ आजसू का समर्थन

सुदेश महतो ने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी हर स्तर पर पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी न केवल कानूनी लड़ाई का खर्च वहन करेगी, बल्कि परिवारों को हर संभव सामाजिक और आर्थिक सहायता भी देगी।

Share this news

संबंधित खबरें