Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज रोहतास और बेगूसराय पहुंच रहे हैं। यहां वे 20 जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी रणनीति तय करेंगे।
रोहतास में पहला कार्यक्रम
अमित शाह सुबह 11 बजे डालमियानगर खेल मैदान पर हेलिकॉप्टर से उतरेंगे और सड़क मार्ग से डेहरी स्थित ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब पहुंचेंगे। यहां करीब 3000 एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को चुनावी दिशा देंगे।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने से तबाही, चमोली में 12 मकान ध्वस्त, 8 लोग लापता
बेगूसराय में दो बड़े आयोजन
दोपहर लगभग 3 बजे शाह बेगूसराय के लिए रवाना होंगे। यहां वे सबसे पहले एफसीआई मैदान में सत्संग और प्रवचन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
किन जिलों के नेता होंगे शामिल
इस बैठक में पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं, शाहाबाद और मगध क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ भी शाह चर्चा करेंगे, जिसमें रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के नेता शामिल होंगे।
चुनावी रणनीति और फोकस एरिया
भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा ने बताया कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी। एनडीए का लक्ष्य है कि इस बार 225 सीटों पर जीत हासिल की जाए। शाहाबाद क्षेत्र में पिछली बार मिली हार के बाद इस बार भाजपा ने इस इलाके पर खास फोकस किया है और अमित शाह खुद इसकी कमान संभालेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अमित शाह के दौरे को लेकर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें स्पेशल कमांडो, बिहार मिलिट्री पुलिस और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें 3000 कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था और 15 कूलर लगाए गए हैं। डालमियानगर खेल मैदान में हेलीपैड बनाया गया है, जबकि खराब मौसम की स्थिति में गोपाल नारायण सिंह महाविद्यालय का हेलीपैड उपयोग में लाया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।