PM मोदी के जन्मदिन से झारखंड में शुरू होगा एक माह का ‘सेवा संकल्प’ अभियान, बाबूलाल ने बताई पूरी योजना

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से झारखंड में भाजपा का एक महीने का ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू होगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत पार्टी की ओर से विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा और समर्पण के रूप में मनाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से 17 सितंबर को अपने-अपने घरों में दीप जलाने की अपील की। इसके बाद अगले एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि ‘सेवा संकल्प’ अभियान के लिए पार्टी स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

यह भी पढ़ें : धनबाद के कतरास में अवैध कोयला खनन के दौरान हादसा, खदान धंसने से 2 की मौत; कई के दबे होने की आशंका

JSSC मामले में CBI जांच की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबूलाल मरांडी ने JSSC मामले को लेकर राज्य सरकार और जांच एजेंसी CID पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों को सामने नहीं लाया जा रहा है और कुछ तथ्यों को छिपाया जा रहा है। मरांडी ने कहा कि युवाओं और अभ्यर्थियों से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की कि JSSC प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि सरकार को मामले की जांच से पीछे नहीं हटना चाहिए। भाजपा नेता ने दोहराया कि CBI जांच से पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाने में मदद मिलेगी।

संबंधित खबरें